रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन सभागार में नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता का अधिवक्ताओं द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थागत मुद्दों को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखा। उन्होंने न्यायालय में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित करने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके सुझावों और सुविधाओं पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत सहित दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे।

