नैनीताल पुलिस का बनभूलपुरा में व्यापक सत्यापन अभियान, 1100 लोगों का किया गया सत्यापन, 33 पर की गई कार्रवाई

नैनीताल।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार जनपद में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया गया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और सत्यापन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में 2 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी प्रकाश चन्द्र के मार्गदर्शन में तथा क्षेत्राधिकारियों नितिन लोहनी (सीओ हल्द्वानी), दीपशिखा अग्रवाल (सीओ लालकुआं) और सुमित पाण्डे (सीओ रामनगर) के पर्यवेक्षण में सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी राजेश यादव, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी थाना बनभूलपुरा सुशील जोशी, थानाध्यक्ष काठगोदाम पंकज जोशी, थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी और थानाध्यक्ष चोरगलिया राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र को तीन सैक्टरों में विभाजित कर अभियान चलाया गया। इस दौरान बनभूलपुरा के अलावा जनपद के अन्य थानों के अधिकारी-कर्मचारी, पीएसी/आईआरबी बल तथा अन्य विभागों जैसे राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
सत्यापन अभियान के अंतर्गत लगभग 1100 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा 1400 लोगों से पूछताछ की गई। किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 6 मकान मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनमें से 3 को संयोजन शुल्क के रूप में 15,000 रुपये का चालान किया गया तथा 3 का चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त, पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत 27 लोगों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 6,750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। कुल मिलाकर 33 चालानों के माध्यम से 21,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सत्यापन अभियान के दौरान वाहन चेकिंग भी की गई, जिसमें एमवी एक्ट के तहत एक वाहन को सीज किया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों और मकान मालिकों को निर्देशित किया गया कि वे किरायेदारों का शीघ्र सत्यापन कर थाने में विवरण प्रस्तुत करें। नैनीताल पुलिस द्वारा यह सत्यापन अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा और आमजन से इसमें सहयोग करने की अपील की गई है।

