नैनीताल पुलिस का देर रात “ऑपरेशन रोमियो”, SSP मीणा ने खुद संभाली कमान – 22 शराबी चालक गिरफ्तार, 28 वाहन सीज, 53 हुड़दंगी हिरासत में
नैनीताल। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने देर रात स्वयं मैदान में उतरकर “ऑपरेशन रोमियो” की कमान संभाली। इस दौरान पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों, हुड़दंग मचाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों पर शिकंजा कसा।
एसएसपी मीणा ने खुद शहर का रात्रि भ्रमण कर अभियान की निगरानी की और मौके पर ही पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और आमजन की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कर पूरे क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया। इन टीमों में एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा, सीओ रामनगर सुमित पांडे के साथ हल्द्वानी, बनभूलपुरा, काठगोदाम और मुखानी थानों के प्रभारी अधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
ऑपरेशन के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 258 चालान किए गए, जिनमें 171 कोर्ट चालान और 87 नगद चालान से 44,500 रुपये वसूले गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 22 चालकों को गिरफ्तार किया गया और 28 वाहन सीज किए गए। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 53 चालान किए गए, जिनमें से 51 नगद चालानों से 15,250 रुपये वसूले गए और 2 कोर्ट चालान किए गए।
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि सुरक्षित समाज, शांतिपूर्ण वातावरण और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी असामाजिक गतिविधि को नजरअंदाज न करें और यदि किसी अपराध या अशांति की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस अभियान से जहां आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है वहीं असामाजिक तत्वों में खौफ भी पैदा हुआ है।
