नैनीताल में वीआईपी रौब पड़ा भारी, डेढ़ लाख से अधिक कीमत की कार सीज
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में यातायात नियमों का उल्लंघन और वीआईपी कल्चर दिखाना एक विधायक पुत्र को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसकी कार को सीज कर दिया, जिससे क्षेत्र में सख्त संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का पुत्र राहुल पटेल इन दिनों नैनीताल भ्रमण पर आया हुआ था। मालरोड पर भारी जाम के दौरान उसने बिना किसी आपात स्थिति के अपनी फॉर्च्यूनर कार में हूटर बजाना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद एसडीएम ने हूटर की आवाज सुनकर वाहन को रुकवाया और चालक से पूछताछ की। इस दौरान विधायक पुत्र द्वारा गलती स्वीकार करने के बजाय प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से बहस की गई, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान करते हुए वाहन संख्या UP33V 0003 को सीज कर दिया। एसआई सुनील कुमार ने बताया कि वाहन स्वामी सुरेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नैनीताल में वीआईपी कल्चर के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

