अब गली-मोहल्ले के नाम से भी खोज सकेंगे 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम: CEO उत्तराखण्ड

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रदेश में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है। अब मतदाता केवल अपने गली, मोहल्ले एवं एरिया के नाम के आधार पर भी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकेंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में आगामी 10 जनवरी तक BLO आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत BLO घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनकी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध जानकारी का मिलान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई मतदाता ऐसे हैं जिन्हें अपने वर्ष 2003 के बूथों की सही जानकारी नहीं है। मतदाताओं की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए CEO उत्तराखण्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची को और अधिक सरल विकल्पों के साथ सर्च करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची पहले से ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, अपने तथा अपने पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक एवं बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नए फीचर के माध्यम से अब गली, मोहल्ले और एरिया के नाम से भी मतदाता सूची खोजी जा सकेगी।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य से BLO को अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए BLO द्वारा हर मतदाता से समन्वय, संवाद एवं पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
