देहरादून में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी, प्रतिष्ठानों को सफाई और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज देहरादून के विभिन्न इलाकों में नामी खाद्य आउटलेट्स और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था के मैस में भी खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई, जहां से खाद्य सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान प्रदेशभर में चलाया जा रहा है, जिसमें चारधाम यात्रा मार्ग के होटल, रेस्तरां और शिक्षण संस्थानों के किचन से सैंपल जांचे जा रहे हैं। आयुक्त ने कहा कि जनता और तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है।
देहरादून के मसूरी रोड स्थित एक शैक्षणिक संस्थान के किचन में छापेमारी के दौरान छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता की शिकायत की, जिसके आधार पर सैंपल लिए गए और किचन को साफ-सफाई और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, हरिद्वार रोड स्थित एक मॉल के फूड कोर्ट में भी छापेमारी की गई, जहां खाद्य मानकों और स्वच्छता की जांच की गई।

