नैनीताल पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, 6 शातिर गिरफ्तार, 12 चोरी की बाइकें बरामद
नैनीताल। नैनीताल पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 12 चोरी की गई बाइकें भी बरामद की हैं। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरियों को अंजाम देते थे।
पुलिस को यह सफलता तब मिली जब 11 सितंबर को मेराजुद्दीन, निवासी आजादनगर, हल्द्वानी, ने थाना वनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया कि 9 सितंबर को उनकी बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आवला गेट रेलवे फाटक गौला बाईपास के पास चेकिंग के दौरान 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से चोरी की दो बाइकें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों में कुबेर सिंह उर्फ अमन (19), सलीम अली (22), ओम शर्मा उर्फ अंशु (20), ध्रुव शर्मा उर्फ गुन्नू (20), रवि सिंह (19), और संदीप मौर्या (21) शामिल हैं। ये सभी अपराधी पहले भी चोरी और अन्य अपराधों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह नैनीताल, रुद्रपुर, किच्छा, और पंतनगर क्षेत्रों से वाहनों की चोरी करता था और इन्हें बेचकर नशे की पूर्ति करता था।
पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की दस और बाइकें बरामद की हैं।

