वीर बाल दिवस पर मुख्यमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह जी व चारों साहिबजादों की शहादत को नमन किया, गुरुद्वारे में टेका मत्था

वीर बाल दिवस पर मुख्यमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह जी व चारों साहिबजादों की शहादत को नमन किया, गुरुद्वारे में टेका मत्था
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और वीर बाल दिवस के अवसर पर दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान न केवल भारत के इतिहास में, बल्कि पूरे विश्व इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का एक अनुपम एवं अद्वितीय अध्याय है। उन्होंने कहा कि अल्पायु में ही साहिबजादों ने धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए अद्भुत साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा साहिबजादों की शहादत के सम्मान में वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों तक साहिबजादों की वीरता, शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के वीर साहिबजादों का बलिदान नई पीढ़ी को साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है तथा हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित बने रहने की शक्ति प्रदान करता है।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल श्रीमती सरिता आर्या, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार जोगेंद्र सिंह आनंद, सचिव अमरप्रीत सिंह नोनू, संदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह, जीत सिंह आनंद, जगजीत सिंह, गगनदीप सिंह, जसमीत सिंह, सतनाम सिंह, हरनमन सिंह, अजीत सिंह सहित आयुक्त कुमाऊँ श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles