मंदिर में चोरी की घटना का पटेलनगर पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

मंदिर में चोरी की घटना का पटेलनगर पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित स्वर्गापुरी माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मंदिर के दानपात्रों से नगदी चोरी की थी, जिन्हें पुलिस ने ₹3700 की नगदी के साथ विशाल मेगामार्ट के पीछे एक खाली प्लॉट से गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्त नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।

घटना 8 फरवरी 2025 को सामने आई थी, जब मंदिर समिति के अध्यक्ष रामगोपाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर के दो दानपात्रों से चढ़ावे की नगदी और सिक्के चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाने में मामला दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में जेल जा चुके संदिग्धों से संबंधित जानकारी जुटाई।

लगातार प्रयासों के बाद 16 अप्रैल 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए नासिर उर्फ माठू और अनीस को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी आजाद कॉलोनी, लेन नंबर 5, थाना पटेलनगर क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि वे नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी करते थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई ₹3700 की नगदी बरामद की है। इस सफलता में उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, अवर निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजदीप मलिक, विक्रांत कुमार और संजीव कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles