पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्यवाही – 50 लाख से अधिक कीमत के जेवरात संग तीन शातिर नकबजन गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्यवाही – 50 लाख से अधिक कीमत के जेवरात संग तीन शातिर नकबजन गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी ।पुलिस ने नकबजनी की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सर्विलांस, मैनुअल पुलिसिंग और लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की गहन पड़ताल कर तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से चोरी हुए शत-प्रतिशत सोने व चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। घटना 17 सितंबर 2025 को प्रकाश में आई थी, जब मवाकोट कोटद्वार निवासी महावीर सिंह चौहान ने कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके भाई पूरन सिंह चौहान, जो अरुणाचल प्रदेश में नौकरी करते हैं, के घर से चोरों ने कीमती गहनों की बड़ी चोरी की है। चोरी गए गहनों में सोने की नथ, कड़े, अंगूठियां, झुमके, हार, चेन, चांदी की पाजेब, मूर्तियां और सिक्के समेत करीब 50 लाख रुपए से अधिक के जेवरात शामिल थे। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। उपनिरीक्षक जयपाल चौहान की सर्विलांस टीम, उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी की सीसीटीवी खंगालने वाली टीम और उपनिरीक्षक अनिल चौहान की मैनुअल पुलिसिंग टीम लगातार सुराग जुटाने में लगी रही। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों तक 500 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस से डाटा एकत्र किया और पुराने अपराधियों के तरीकों का अध्ययन किया। एफएसएल टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य भी जुटाए। लगातार प्रयासों और कुशल सुरागरसी के परिणामस्वरूप पुलिस टीमों ने हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित वाल्मीकी बस्ती से तीन आरोपियों मोहित, प्रवीण और अनुज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकारा कि उन्होंने 15 सितंबर को कोटद्वार पहुंचकर मवाकोट क्षेत्र में एक बंद घर को निशाना बनाया और आलमारी का ताला तोड़कर गहने चोरी किए थे। पकड़े जाने के डर से गहनों को झाड़ियों में छिपा दिया था, जिन्हें पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के सभी जेवरात बरामद हुए हैं, जिनमें सोने की नथ, कड़े, अंगूठियां, हार, चेन, झुमके, चांदी की मूर्तियां, पाजेब और सिक्के शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी सफलता में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पौड़ी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

देवभूमि खबर

Related articles