
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के नेतृत्व में की गई सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 89.81 किलोग्राम गांजा के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने और नशीले पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय व परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैन्सडाउन रमेश तनवर तथा प्रभारी सीआईयू रणजीत सिंह तोमर के नेतृत्व में लैन्सडाउन पुलिस व सीआईयू टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या UK 07 AP 3513 (स्विफ्ट डिजायर) और UP 16 PC 0036 (आई-20) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन UK 07 AP 3513 चला रहे यशवंत सिंह नेगी के पास से 59.39 किलोग्राम गांजा तथा वाहन UP 16 PC 0036 चला रहे लव कुमार के पास से 30.42 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली लैन्सडाउन में मु0अ0सं0 04/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट व 111(2)(ii) (3)(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा महिपाल निवासी रतूपुरा ठाकुर, मुरादाबाद के कहने पर लाया जा रहा था। यह गांजा जगत निवासी मंगरू (पौड़ी गढ़वाल) तथा रब्बू निवासी सरायखेत (अल्मोड़ा) से खरीदकर महिपाल को देने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर, व0उ0नि0 जयपाल सिंह चौहान, हे0कानि0 संदीप कुमार, हे0कानि0 संजयराम, हे0कानि0 सतेन्द्र सिंह (कोतवाली लैन्सडाउन) तथा सीआईयू टीम से उ0नि0 रणजीत सिंह तोमर, कानि0 गंभीर सिंह, कानि0 पंकज शर्मा, कानि0 हरीश शामिल रहे।
