मालरोड भू-धसाव का स्थायी समाधान प्राथमिकता : कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत

मालरोड भू-धसाव का स्थायी समाधान प्राथमिकता : कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत
Spread the love

रिपोर्ट। ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के मालरोड में विगत दिनों धंसे सड़क हिस्से का निरीक्षण कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ किया और स्थायी समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने भू-धसाव वाले क्षेत्र और रैंप निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सड़क सुरक्षा कार्यों की जानकारी ली।

आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण में उपस्थित भू-वैज्ञानिक लेघराज से पूर्व में कराए गए भू-वैज्ञानिक सर्वे की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने सिंचाई विभाग को झील के चारों ओर क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए और कहा कि इस परियोजना को शासन स्तर पर प्राथमिकता दी जा रही है।

लोक निर्माण विभाग को उन्होंने शीघ्र यातायात बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 25 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क मरम्मत हेतु वर्ष 2018 में लगभग 4 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए गए। साथ ही कहा कि भू-वैज्ञानिकों की रिपोर्ट के अनुसार मालरोड के लगभग 190 मीटर हिस्से में भू-धसाव की समस्या है, जिसके स्थायी ट्रीटमेंट हेतु लोक निर्माण विभाग और टीएचडीसी मिलकर डीपीआर तैयार कर शासन को भेजें।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मालरोड सड़क भू-धसाव का स्थायी समाधान करना अत्यंत आवश्यक है और इसे विभाग प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करें। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने अब तक की गई रोकथाम एवं स्थायी समाधान कार्यवाही की जानकारी साझा की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मालरोड स्थित पुस्तकालय भवन का भी जायजा लिया और क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत हेतु नगर पालिका को निर्देशित किया। मौके पर अध्यक्ष नगर पालिका सरस्वती खेतवाल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पी.एस. बृजवाल, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, भू-वैज्ञानिक लेघराज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles