यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता: बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ बना ओवरऑल चैंपियन
हरिद्वार। उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 में बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। योगस्थली खेल परिसर के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित प्रतियोगिता का समापन प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया और विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए।
खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बॉक्सिंग का उभरता केंद्र बन रहा है और प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक व कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा आउट ऑफ टर्न नौकरी की व्यवस्था भी लागू है।
प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम विजेता रही, जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम उपविजेता बनी।
विभिन्न भार वर्गों में भी पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। 45-48 किलोग्राम वर्ग में जया ने स्वर्ण, सविता ने रजत तथा नेहा और गुंजन ने कांस्य पदक जीते। 48-51 किलोग्राम वर्ग में कोमल लोहिया ने स्वर्ण, कृष्णा ने रजत और ऋतु व वैष्णवी ने कांस्य पदक हासिल किए।
51-54 किलोग्राम वर्ग में चांदनी ने स्वर्ण पदक जीतकर अव्वल स्थान प्राप्त किया, जबकि कविता ने रजत और अनुष्का व अलीशा ने कांस्य पदक जीते। 54-57 किलोग्राम वर्ग में बबीता ने स्वर्ण, सलोनी ने रजत तथा अंशिका और रिया ने कांस्य पदक हासिल किए।
कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

