हाईवे पर थार-स्कॉर्पियो से स्टंट पड़ा भारी, वायरल वीडियो पर पुलिस ने काटे चालान

काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार और स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले द्वारा झुंड बनाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काशीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर पुलिस ने संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर सभी वाहनों को कब्जे में लिया तथा चालकों को कोतवाली बुलाया।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा लिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में स्टंटबाजी, रेसिंग या यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
काशीपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कुछ क्षणों का रोमांच किसी की जान जोखिम में डाल सकता है। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, स्टंट और ओवरस्पीडिंग से बचें तथा अपनी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

