11 से 17 दिसंबर तक आयोजित होने वाले पैनखण्डा महोत्सव 2025 की तैयारी तेज, जिलाधिकारी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आगामी पैनखण्डा महोत्सव 2025 (11 दिसंबर से 17 दिसंबर तक) के सफल संचालन एवं समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किए जाने हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य महोत्सव को आकर्षक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराना रहा।
जिलाधिकारी ने तहसील ज्योतिर्मठ में आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी संबंधित विभागों को विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहन पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ–सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सकीय सुविधाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन हेतु समुचित एवं पूर्व नियोजित प्रबंध सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव को सफल और आकर्षक बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया कि आने वाले दर्शकों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पैनखण्डा महोत्सव विकास समिति द्वारा आयोजनों को सफल बनाने हेतु सुझाव भी बैठक के दौरान प्रस्तुत किए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भाकुनी, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित पैनखण्डा महोत्सव विकास समिति के प्रतिनिधियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

