मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, 85% से अधिक मैपिंग पूरी: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी
देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की तैयारियों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में प्री-SIR चरण के तहत 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।
डॉ. जोगदंडे ने कहा कि अप्रैल माह से प्रदेश में डोर-टू-डोर सघन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए शेष कार्य को पूरा किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है, जिससे मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य को और प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया गया है। इसके माध्यम से मतदाता वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECI-NET मोबाइल ऐप के जरिए अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अभी तक कुल 19,116 बीएलए की ही नियुक्ति हुई है। इसमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9,276, कांग्रेस द्वारा 9,506, सीपीआई (एम) द्वारा 217 और बीएसपी द्वारा 117 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।
प्रेस वार्ता में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

