हरिद्वार में पीएनजी गैस को बढ़ावा, कालाबाजारी पर सख्ती—प्रशासन का अभियान तेज
हरिद्वार। पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के उपयोग को बढ़ावा देने और गैस आपूर्ति को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन हरिद्वार ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर हरिद्वार नेचुरल गैस लिमिटेड को अप्रैल 2026 के दौरान सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, आश्रमों और अखाड़ों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे पीएनजी कनेक्शन के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। इसके लिए कंपनी के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद में घरेलू और व्यावसायिक गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में घरेलू गैस के 20,154 तथा व्यावसायिक गैस के 3,766 सिलेंडर उपलब्ध हैं। हाल ही में 9,740 की दैनिक प्राप्ति के मुकाबले 11,356 सिलेंडरों का वितरण किया गया।
एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 736 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें अनियमितता पाए जाने पर 2 मुकदमे दर्ज किए गए और 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 4 अप्रैल 2026 को घरेलू गैस के दुरुपयोग के मामले में 101 सिलेंडर जब्त किए गए हैं और संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त प्रशासन ने शिकायतों के निस्तारण के लिए टोल फ्री नंबर, दूरभाष और व्हाट्सएप नंबर जारी किए हैं। अब तक कुल 517 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित समाधान संबंधित अधिकारियों के माध्यम से किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

