राहुल गांधी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के बाद कांग्रेसियों ने खेली होली
देहरादून ।देवभूमि खबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी के बाद कांग्रेसियों ने देहरादून में जमकर जश्न मनाया। कांग्रेस मुख्यालय पर जमकर रंग खेला गया और खूब आतिशबाजी हुईं। यूं कहें कि कांग्रेसियों ने होली और दिवाली एक साथ मनाई।
राहुल गांधी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी को लेकर कांग्रेस ने जश्न की तैयारी पहले से ही की हुईं थी। सोमवार दोपहर बाद कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जमकर जश्न मनाया गया। जश्न के लिए ढोल-नगाड़े से लेकर आतिशबाजी का इंतजाम किए गए थे। मेरठ से शहनाई वादक बुलाए हैं। यहीं करीब 60 किलो मिठाई बांटी गई। जश्न मनाने के लिए देहरादून में कांग्रेस मुख्यालय को खूब सजाया गया था। कांग्रेस भवन के आसपास शुभकामनाओं के पोस्टर बैनर लगे हुए हैं।
शहरभर में भी कांग्रेसियों ने राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामना लिखे बैनर लगाए हैं। सोमवार सुबह से शहरभर के कांग्रस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पर एकत्रित होने शुरू हो गए। महानगर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, व्यापार प्रकोष्ठ, किसान कांग्रेस, पूर्व सैनिक कांग्रेस, एससी-एसटी कांग्रेस, आईटी प्रकोष्ठ से लेकर सेवादल तक के पदाधिकारी यहां पहुंचे। दिल्ली में जैसे ही राहुल गांधी की ताजपोशी की घोषणा हुई दून में जश्न शुरू हो गया। कांग्रेस भवन में आतिशबाजी के साथ ही मिष्ठान वितरण किया गया।
ढोल-नगाड़ों पर कांग्रेस कार्यकर्ता थिरकते नजर आए। मेरठ से खास शहनाई वादक बुलाए गए थे। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व विधायक दिनेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, मंत्री प्रसाद नैथानी, जोत सिंह बिष्ट, दीप बोहरा, महेश जोशी समेत बड़ी संख्या में समर्थक कांग्रेस भवन में मौजूद रहे। वहीं अध्यक्ष प्रीतम सिंह कुछ कार्यकर्ताओं के साथ रविवार शाम को दिल्ली रवाना हो गए थे।
