उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर भ्रामक खबरें फैलाने वाला गिरफ्तार

उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर भ्रामक खबरें फैलाने वाला गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक खबरें प्रसारित करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने “उत्तराखंड वाले” नामक पोर्टल के संचालक अंकुश चौहान को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त द्वारा सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय खेलों के लोगो और मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ “उत्तराखंड में हो रहे राष्ट्रीय खेलों में फिक्सिंग और भ्रष्टाचार का खेल, लाखों में बेचे जा रहे पदक” जैसी झूठी खबरें प्रकाशित कर राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था।

इस संबंध में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून के प्रधानाचार्य श्री राजेश ममगाई ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मु०अ०सं०- 39/25 धारा 353(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देश पर साइबर सेल की मदद से “उत्तराखंड वाले” पेज के संचालक की पहचान की गई, जो कि अंकुश चौहान, निवासी ग्राम जणगी, थाना लम्बगांव, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी न्यू पालम विहार, गुड़गांव के रूप में हुई। जांच में पता चला कि अभियुक्त पिछले 20-25 वर्षों से गुड़गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा था।

रायपुर पुलिस की एक टीम को गुड़गांव भेजा गया, जहां अभियुक्त को देहरादून लाकर पूछताछ की गई। हालांकि, अंकुश चौहान ने विवेचना में सहयोग करने से इनकार कर दिया और BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील करने से मना कर दिया। इसके चलते पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त का विवरण:
नाम: अंकुश चौहान
निवासी: ग्राम जणगी, थाना लम्बगांव, टिहरी गढ़वाल
वर्तमान पता: प्लैट नं. 150ए, न्यू पालम विहार, थाना पालम विहार, गुड़गांव

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक खबरें फैलाकर राज्य की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles