रैन बसेरे की सफाई को लेकर भड़के नगर आयुक्त
रुद्रपुर।देवभूमि खबर । ठंड आने से पहले ही नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने रैन बसेरों की सुध लेनी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ रोडवेज के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया और रैन बसेरे का संचालन करने वालों को सफाई के साथ निवास करने वालों को साफ सुथरे रजाई चादर देने के साथ ही पीने के लिये साफ पानी रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त सिंह ने कहा की रैन बसेरे के बाहर केयर टेकर करने वाले व्यक्ति विकास का मोबाइल नंबर लगा दिया है। जिसे जरूरत होगी वो विकास को फोन कर सकता है। उन्होंने बताया इस रैन बसेरे में महिला और पुरुष के लिये अलग अलग व्यवस्था है। जिसमें दस दस बेड लगे हुए हैं। इस दौरान नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने रैन बसेरे के बाहर गंदगी करने वालों पर जुर्माना लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कोई दिक्कत होने पर लोग उनके आफिस में संपर्क कर सकते हैं। एमएनए ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर को खुले में शौच मुक्त करने के लिए सामुदायिक शौचालय के निर्माण के स्थलों का चयन किया। सामुदायिक शौचालय के लिए युवा भारती सुभाष स्टेडियम रविंद्र नगर, रम्पुरा काली मंदिर के पास मैदान तथा बांके बिहारी मंदिर के पास खेड़ा में स्थल चयन किए गए। यहां दस दस सीट के शौचालय बनेंगे। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय धोबी घाट रविंदर नगर, फुटबाल स्टेडियम ट्रांजिट कैंप, शिवनगर व एफसीआई गोदाम के पास बनाए जाएंगे।

