ऋषिकेश में कैंटीन की शराब बताकर बेचने का खेल उजागर, क्रेटा कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद

ऋषिकेश। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने गढ़ी श्यामपुर के पास एक चार पहिया वाहन से 10 पेटी अवैध शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में हुंडई क्रेटा कार संख्या DL 4CAZ 9073 से 100 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की और 24 बोतल बडवाइजर बीयर बरामद हुई।
जांच के दौरान व्हिस्की की बोतलों पर चस्पा लेबल पर ‘फॉर सेल डिफेंस पर्सनल ओनली’ और बीयर की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित पाया गया। प्रारंभिक जांच में बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल प्रथम दृष्टया नकली प्रतीत हुए। इनकी सत्यता की जांच के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार चालक निशांत शर्मा पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) को अवैध शराब का परिवहन करने के आरोप में आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। मामले में आबकारी क्षेत्र ऋषिकेश में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मेरठ से लाई गई शराब पर रक्षा कर्मियों के लिए बिक्री संबंधी लेबल इसलिए लगाए जाते थे, ताकि आम लोगों को यह कैंटीन की शराब लगे। आरोपी के अनुसार, शराब को वर्तमान में शादियों और पार्टियों के सीजन में खपाने की तैयारी थी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के साथ जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल और अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल राकेश नाथ व हेमंत सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और आशीष चौहान शामिल रहे।


