लीकेज होने से नगर के विभिन्न वार्डों की सड़कें जगह जगह से क्षतिग्रस्त

Spread the love
लालकुआं ।देवभूमि खबर। नगर की वर्षों पुरानी जर्जर पेयजल लाइनों में जगह जगह से लीकेज होने से नगर के विभिन्न वार्डों की सड़कें जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वही पेयजल लाइनों में हो रहे भारी रिसाव के चलते बहुमंजिले भवनों के भी धसने का खतरा उत्पन्न हो गया है। क्षेत्रवासियों ने जल्द पेयजल लाइन का पुनरू निर्माण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर के वार्ड नंबर एक में स्थित उत्तराखंड जल संस्थान के दो ट्यूबवेलों से पूरे नगर में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। वर्ष 1972 में बनी उक्त पेयजल लाइन अब पूरी तरह जीर्ण क्षीर्ण होकर जगह जगह से लीकेज हो रही है। उक्तलाइन सड़क में जिस स्थान पर भी लिकेज करती है। जल संस्थान के कर्मचारी वहां पर ही सड़क में गड्डा खोदकर उसे ठीक कर रहे हैं। जिसके चलते सड़क में जगह जगह जल संस्थान के कर्मचारियों द्वारा गड्ढ़े खोद दिए गए हैं। जिससे वार्ड नंबर एक सहित कई वार्डों की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
जल संस्थान के कर्मचारी एक स्थान पर गड्ढा खोदते हैं तो उस स्थान से 10 फीट की दूरी पर दूसरा लिकेज हो जाता है। जिसके बाद उस स्थान पर गड्ढा खोदा जाता है। इसी प्रकार नगर में कई स्थानों पेय जल लाइनों का लीकेज होना बदस्तूर जारी है।
वार्ड नंबर एक में कई स्थान तो ऐसे हैं जहां पर पिछले कई वर्षों से लगातार लीकेज होकर जमीन के भीतर सुरंगनुमा गहरे गड्ढे बन गये है। जहां सुरंग के ऊपर बने बहुमंजिला इमारतों की गिरने का खतरा उत्पन्न हो गया है। यही नहीं जब पेयजल लाइन में लीकेज हो जाता है तो नगर की पेयजल आपूर्ति भी बंद कर दी जाती है। जिससे नगर में पेयजल संकट भी गहरा जाता है। तथा जगह जगह पर पेयजल लाइनों के लीकेज होने से नगर में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
वही इस मामले में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता राजीव सैनी का कहना है कि उन्होंने एवं उनसे पूर्व भी अधिशासी अभियंता ने कई प्रस्ताव तैयार कर नई पेयजल पुननिर्माण की योजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। परंतु आज तक इस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
इधर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह का कहना है कि यदि जीर्ण शीर्ण पेयजल लाइनों के स्थान पर नई पेयजल लाइन नहीं डाली गई तो कांग्रेस कमेटी उक्त मामले को लेकर उग्र आंदोलन शुरू करेगी।

देवभूमि खबर

Related articles