हैली बुकिंग फ्रॉड पर रुद्रप्रयाग पुलिस का कड़ा प्रहार, 265 डिजिटल माध्यम किए ब्लॉक

हैली बुकिंग फ्रॉड पर रुद्रप्रयाग पुलिस का कड़ा प्रहार, 265 डिजिटल माध्यम किए ब्लॉक
Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा से पूर्व साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 265 संदिग्ध वेबसाइट्स, बैंक खाते, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया है। हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” के माध्यम से की गई है, जिसका गठन मुख्यमंत्री के निर्देशों पर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ठगों द्वारा फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का झांसा दिया जा रहा था। कार्रवाई के तहत 111 फेसबुक पेजों में से 106 को टेकडाउन किया गया, जबकि 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी चिन्हित कर रिपोर्ट किया गया है। इसके अलावा साइबर ठगी में प्रयुक्त 110 मोबाइल नंबरों में से 55 को ब्लॉक कर दिया गया है और शेष के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।

वित्तीय जांच में 6 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई, जिनमें से एक खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है, जबकि अन्य खातों पर कार्रवाई प्रक्रिया में है। साथ ही हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को भी डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट किया गया है।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा हेतु हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया विज्ञापन या व्हाट्सएप मैसेज के जरिए बुकिंग करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि के दौरान साइबर अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles