विजय दिवस पर शहीदों को नमन, रूद्रपुर में श्रद्धापूर्वक आयोजित हुए कार्यक्रम

विजय दिवस पर शहीदों को नमन, रूद्रपुर में श्रद्धापूर्वक आयोजित हुए कार्यक्रम
Spread the love

रूद्रपुर। 16 दिसम्बर 1971 को भारत–पाकिस्तान युद्ध में शहादत देने वाले देश के वीर शहीदों की स्मृति में विजय दिवस जनपद भर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित हुआ। वर्ष 1971 के भारत–पाक युद्ध में जनपद के 9 वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जबकि 2 सैनिक युद्ध में घायल हुए थे।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के शहीद सूबेदार स्व0 रामदत्त, सिपाही उमेश सिंह, टीका राम, दिवानी नाथ, हीरा चंद, आन सिंह, जोगा सिंह, हर सिंह एवं त्रिलोक सिंह के चित्रों पर मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसपी सिटी निहारिका तोमर, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं पूर्व सैनिकों द्वारा पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

युद्ध में घायल सैनिक गोकुलानंद पाठक, मनोज सिंह, त्रिलोक सिंह तथा युद्ध में प्रतिभाग करने वाले कैप्टन धन सिंह, खड़क सिंह कार्की एवं जय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं जिन्होंने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है और देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि हमें वीर सैनिकों के अदम्य साहस और पराक्रम पर गर्व है तथा उनसे प्रेरणा लेकर उनके पदचिह्नों पर चलना चाहिए। सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।

विजय दिवस के अवसर पर जनपद में शिक्षण संस्थाओं एवं क्रीड़ा विभाग द्वारा 1971 भारत–पाक युद्ध एवं देशभक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही खेल विभाग द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग की ओपन क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चंद प्रकाश कोठारी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सुंदर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेश चंद्र भट्ट सहित अनेक पूर्व सैनिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles