देहरादून में सर्वधर्म शांति सभा: “युद्ध नहीं, शांति चाहिए” के संदेश के साथ वैश्विक तनाव पर चिंता

देहरादून में सर्वधर्म शांति सभा: “युद्ध नहीं, शांति चाहिए” के संदेश के साथ वैश्विक तनाव पर चिंता
Spread the love

देहरादून। दून सिटीजन फोरम के आह्वान पर गांधी पार्क में “युद्ध नहीं, शांति चाहिए” विषय पर सर्वधर्म शांति सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों और समुदायों के नागरिकों ने भाग लेकर वैश्विक तनाव के बीच शांति का संदेश दिया।

सभा के दौरान इजराइल, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की गई। उपस्थित लोगों ने युद्ध में मारे गए निर्दोष नागरिकों, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक प्रार्थना कर विश्व में अमन-चैन की कामना की।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान वैश्विक संघर्ष मानवता के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है और इसका प्रभाव केवल युद्धग्रस्त देशों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका असर भारत में भी दिखाई दे रहा है, जहां रसोई गैस की उपलब्धता, औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे आमजन विशेषकर गरीब वर्ग प्रभावित हो रहा है।

सभा में वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि “हमें युद्ध नहीं, शांति चाहिए; विनाश नहीं, विकास चाहिए।” उन्होंने विश्व नेताओं से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने और संयम बरतने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने शांति, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि दून सिटीजन फोरम की ओर से प्रधानमंत्री को एक सामूहिक पत्र भेजकर ठोस सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस अवसर पर आलोक लाल , अनूप नौटियाल , जगमोहन सिंह मेहन्दीरत्ता , सुशील त्यागी , फ्लोरेंस पांधी , प्रदीप कुकरेती , हरिओम पाली , नरेश चंदोंक , परमजीत कक्कड़ , उमेद सिंह रावत , जया सिंह , अमित तोमर , आशालाल , मोहन खत्री , अवधेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles