रुद्रपुर में एससी आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार ने की योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रुद्रपुर। अध्यक्ष उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग श्री मुकेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ अनुसूचित जाति समुदाय के लिए संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, पार्षद, ब्लॉक प्रमुख एवं ग्राम पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से आयोग अध्यक्ष को अवगत कराया। इसके उपरांत संबंधित विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया।
आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति हेतु आवंटित धनराशि का उपयोग केवल अनुसूचित जाति के लोगों एवं अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुसूचित जाति योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त बजट को किसी अन्य क्षेत्र में व्यय न किया जाए।
उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शिविरों में लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण स्तर के अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से मिले।
आयोग अध्यक्ष ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों को बुकलेट, पम्पलेट आदि के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ सकें। उन्होंने अत्याचार एवं उत्पीड़न अधिनियम के तहत जनपद में दर्ज प्रकरणों की अद्यतन स्थिति एवं मुआवजा भुगतान की जानकारी पुलिस विभाग और समाज कल्याण विभाग से प्राप्त की।
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरणों को तत्काल पंजीकृत किया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिक्षा विभाग को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए लोगों को जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष ने अनुसूचित जाति कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं कुशल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री के.एस. रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री अमन अनिरूद्ध, सहायक नगर आयुक्त श्री राजू नबियाल, सहायक मत्स्य अधिकारी श्री संजय कुमार छिमवाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री बी.एस. रावत, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता सिंचाई श्री बी.एस. डांगी, लघु सिंचाई अधिकारी श्री सुशील कुमार, ब्लॉक प्रमुख काशीपुर श्रीमती चन्द्र प्रभा, जिला पंचायत सदस्य श्री सुरज नारायण, सांसद प्रतिनिधि श्री विजय कुमार, श्री यशपाल राजहंस, श्री राजेश कोली सहित ग्राम प्रधान, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
