स्टेट प्रगति पोर्टल से होगी योजनाओं की निगरानी, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

स्टेट प्रगति पोर्टल से होगी योजनाओं की निगरानी, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में स्टेट प्रगति पोर्टल की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राज्य एवं केंद्रपोषित योजनाओं की मॉनिटरिंग अब इसी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि पोर्टल को इस प्रकार विकसित किया जाए कि विभागवार और योजनावार समीक्षा आसानी से हो सके। उन्होंने प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए विभिन्न स्तरों पर माइलस्टोन तय करने पर जोर दिया, जिससे धीमी प्रगति वाले कार्यों की समय पर पहचान कर उन्हें गति दी जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागों की स्वरोजगार योजनाओं को भी पोर्टल में शामिल किया जाए। साथ ही पिछले तीन से पांच वर्षों में इन योजनाओं से हुए रोजगार सृजन का विश्लेषण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन कर कमियों को दूर किया जा सके।

मुख्य सचिव ने पोर्टल का ट्रायल लेते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रदेश के अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भवन निर्माण के साथ मैनपावर और मशीनरी अपग्रेडेशन को भी योजनाओं में शामिल करने के निर्देश दिए और समग्र योजना तैयार करने पर जोर दिया।

इसके अलावा उन्होंने सभी नए भवन निर्माण कार्यों में बेसमेंट पार्किंग को अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, अपर सचिव सुश्री झरना कमठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles