डीएम सविन बंसल के समर्थन में उतरे सामाजिक संगठन, हटाने के विरोध में जताई कड़ी आपत्ति

डीएम सविन बंसल के समर्थन में उतरे सामाजिक संगठन, हटाने के विरोध में जताई कड़ी आपत्ति
Spread the love

देहरादून।देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल को हटाए जाने की चर्चाओं के बीच शहर के 25 से अधिक सामाजिक संगठनों ने उनके समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। संयुक्त नागरिक संगठन के बैनर तले आयोजित बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने डीएम के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें जनहित में कार्य करने वाला ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया।

संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनहित के मामलों में त्वरित कार्रवाई, जनता दरबार में समस्याओं का समाधान और आपदा के समय सक्रिय भूमिका निभाकर प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन का उदाहरण बताया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और निष्पक्ष कार्यशैली के कारण जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। कई प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि डीएम बंसल पर दबाव बनाकर उन्हें हटाने की मांग करना जनहित के विपरीत है।

संगठन के सदस्यों ने राज्य सरकार से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसे अधिकारी को उनके पद पर बनाए रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित में कार्य करने वाले अधिकारियों के खिलाफ इस प्रकार के प्रयास किए जाते हैं तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि डीएम बंसल ने भ्रष्टाचार और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिसके चलते कुछ वर्ग उनके खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। संयुक्त नागरिक संगठन ने स्पष्ट किया कि वह ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगा और जनहित के मुद्दों पर प्रशासन के साथ खड़ा रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles