एसपी चमोली का कर्णप्रयाग कोतवाली में औचक निरीक्षण — भवन सुधार व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

Spread the love

चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कर्णप्रयाग कोतवाली और बाजार चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की स्थिति का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली और चौकी के भवन, बैरक, भोजनालय, आवासीय परिसर और शौचालयों का बारीकी से मुआयना किया। जहां-जहां दीवारों और छतों में टूट-फूट पाई गई, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

बरसात के मद्देनजर जिन कमरों और कार्यालयों में सीलन की समस्या सामने आई, उन्हें तकनीकी रूप से दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एसपी ने पुराने फर्नीचर जैसे कुर्सी-टेबल की मरम्मत कराने और अत्यधिक जर्जर सामान को बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, क्योंकि बेहतर कार्य वातावरण में ही पुलिस बल प्रभावी ढंग से जनसेवा कर सकता है।

इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल, प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles