व्यापार मंडल के साथ एसपी नीहारिका तोमर की गोष्ठी, चारधाम यात्रा को लेकर यातायात व अतिक्रमण पर सख्ती
रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद मुख्यालय की यातायात एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में व्यापार मंडल और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहनों को हटाने तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
गोष्ठी में नगर की सफाई व्यवस्था, जिला चिकित्सालय के संकेतक बोर्ड लगाने और यात्रा अवधि में बाजार में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। एसपी ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर इन व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने की बात कही।
पुलिस विभाग से जुड़े विषयों पर निर्देश देते हुए उन्होंने यातायात संचालन को प्रभावी बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यातायात निरीक्षक और एसएचओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर पालिका और व्यापार मंडल के सहयोग से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया गया।
लावारिस वाहनों का चिन्हीकरण कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर हटाने तथा सड़कों पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग लेने और अनाउंसमेंट कराने के निर्देश भी दिए गए। टैक्सी यूनियनों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा के दौरान उनके संचालन के लिए निर्धारित प्वाइंट तय करने की बात कही गई।
एसपी ने नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कानून का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष की चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जाएगा।

