एसएसपी देहरादून की कड़ी कार्यवाही,तीन पुलिसकर्मियों समेत सात गिरफ्तार,सस्ते डॉलर का दिया था झांसा
देहरादून।प्रेमनगर क्षेत्र में डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले तीन पुलिसकर्मियों समेत सात अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला डॉलर के सस्ते सौदे का झांसा देकर वादी को फंसाने और फिर जबरन रुपये लूटने से जुड़ा है। इस घटना के बाद एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधी चाहे कोई भी हो, यदि अपराध किया है तो जेल जाना तय है।
वादी यशपाल सिंह असवाल निवासी ऋषिकेश ने थाना प्रेमनगर में तहरीर दी कि उनकी मुलाकात कुंदन नेगी नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उन्हें बताया कि उसके परिचितों के पास 20,000 डॉलर रखे हैं, जिन्हें कम दाम में बदला जा सकता है। इस प्रस्ताव के बाद वादी ने लगभग आठ लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। 31 जनवरी 2025 को कुंदन नेगी के कहने पर वादी 7.50 लाख रुपये की नकदी लेकर बालाजी मंदिर झाझरा के पास पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात राजेश रावत, राजेश चौहान, राजकुमार चौहान और हसीन उर्फ अन्ना से हुई। बातचीत के दौरान अचानक दो अन्य लोग वहां आ पहुंचे, जिन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उनमें से एक वर्दी में था और दूसरा सादे कपड़ों में। उन्होंने वादी को डरा धमका कर उनके पास रखा बैग छीन लिया और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौच करते हुए वहां से भगा दिया। हालांकि, बाद में उन लोगों ने वादी को ढाई लाख रुपये वापस कर दिए।
वादी की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 25/25 धारा 310(2)/61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल मामले के खुलासे और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से सभी सात अभियुक्तों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लूट की रकम में से 2.30 लाख रुपये नगद और 500 डॉलर (100 डॉलर के पांच नोट) बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अब्दुल रहमान, सालम और इकरार नामक पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो आईआरबी-II झाझरा और थाना प्रेमनगर में तैनात थे। इनके अलावा राजकुमार, राजेश रावत, कुंदन सिंह नेगी और राजेश कुमार चौहान को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दो और अभियुक्तों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिसकर्मी या व्यक्ति को अपराध में लिप्त पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा। नवनियुक्त डीजीपी के निर्देशों के तहत अवैध गतिविधियों में संलिप्त पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

