विंटर कार्निवाल महोत्सव को सफल बनाने के लिए एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश, पुलिस कर्मियों को शालीन व्यवहार अपनाने के आदेश
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में विंटर कार्निवाल महोत्सव का शुभारंभ आज से हो गया है। महोत्सव को लेकर कार्यक्रम स्थल का मंच पूरी तरह सुसज्जित कर लिया गया है, जहां विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह महोत्सव 25 दिसंबर तक चलेगा, जबकि 26 दिसंबर को बिरला चुंगी से कैंची धाम तक पैदल यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
विंटर कार्निवाल महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल/यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा ने ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर पहुंचकर पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें। डाइवर्जन प्लान को सुव्यवस्थित तरीके से लागू किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। साथ ही दर्शकों एवं पर्यटकों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए।
एसपी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी पर्यटकों और दर्शकों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करें, जिससे नैनीताल की सकारात्मक छवि बनी रहे।
ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल हेम चंद्र पंत, थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल सहित ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
