एसएसपी पौड़ी ने ली मासिक अपराध गोष्ठी, चारधाम यात्रा, शिकायत निस्तारण व अभियानों की समीक्षा, 12 कर्मी किए सम्मानित
पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन पौड़ी में माह अप्रैल की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी की शुरुआत वाहनों की चेकिंग व शस्त्र कवायत के साथ हुई।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए गए अभियानों में जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की पीठ थपथपाई गई। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि विवेचनाओं का शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
चारधाम यात्रा को लेकर एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में तैनात सभी कार्मिक मनोयोग से ड्यूटी करें, श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें, यात्रा मार्गों पर सतर्क निगरानी व वाहनों की सघन चेकिंग जारी रखें। टर्नआउट उच्च कोटि का हो और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान व नशे से परहेज करें।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी थाने शीघ्र निस्तारण करें और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं से स्वयं बात कर फीडबैक लें। अब तक 483 में से 464 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
‘ऑपरेशन मर्यादा’ और ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ अभियानों की समीक्षा करते हुए कहा गया कि इन पर सख्ती जारी रहे और जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन हो। जहां कम कार्रवाई हुई है, वहां सुधार लाया जाए।
अप्रैल माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिसकर्मियों को Employee of the Month के तहत प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित कार्मिकों में निरीक्षक यातायात संदीप तोमर, थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक दीपक पंवार व प्रवीन रावत, मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह, आरक्षी रविंद्र भट्ट, दिनेश नेगी, दिगंबर सिंह, गंभीर सिंह, अमरजीत सिंह, होमगार्ड सुमित और शंभू प्रसाद शामिल रहे।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक संचार श्री अनूप काला, सीओ श्रीनगर श्री अनुज कुमार, सीओ कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल, सीओ सदर पौड़ी श्री त्रिवेंद्र सिंह राणा, डीएसपी ऑपरेशन श्री तुषार बोरा, अभियोजन अधिकारी श्रीमती वर्षा सहित समस्त थाना व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

