राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की पंचायत चुनाव तैयारियों की समीक्षा
देहरादून। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त, उत्तराखंड ने आज 11 मार्च 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपदों के प्रभारी अधिकारियों, पंचास्थानी चुनावालय और जिला पंचायतराज अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में पंचायत निर्वाचक नामावली 2025 को अद्यतन करने के लिए 1 मार्च से 22 मार्च 2025 तक चलने वाले विशेष अभियान की समीक्षा की गई। इस अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्वाचक नामावली का प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या विलोपन का पूरा अवसर मिल सके।
इस प्रक्रिया में संगणक (डाटा एंट्री ऑपरेटर) और बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) भी भाग लेंगे और मतदाता सूची में परिवर्द्धन, संशोधन और विलोपन के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया की सहभागिता से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाता सूची का ग्राम स्तर पर अवलोकन हो और मतदाताओं को अपने नाम जुड़वाने या संशोधित कराने का पूरा अवसर मिले।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी, चमोली, टिहरी गढ़वाल और ऊधमसिंहनगर को मतदाता सूची की त्रुटियों को गंभीरता से लेने और जिन दो विकास खंडों में अधिक त्रुटियां हैं, वहां पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए।
जनपद नैनीताल और अल्मोड़ा द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई।
बैठक में मतपेटिका, निर्वाचन सामग्री, मतदान केंद्रों और स्थलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई, ताकि आगामी पंचायत चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

