रूद्रपुर में राज्य स्तरीय महिला वॉलीबाल चैम्पियनशिप-2025 का भव्य शुभारम्भ
रूद्रपुर। उत्तराखण्ड वॉलीबाल एसोसिएशन एवं खेल विभाग के तत्वाधान में मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रूद्रपुर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला वॉलीबाल चैम्पियनशिप-2025 का शुभारम्भ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अध्यक्ष उत्तराखण्ड वॉलीबाल एसोसिएशन कमलेन्द्र सिंह धानक तथा महासचिव उत्तराखण्ड ओलंपिक एसोसिएशन डॉ. डी.के. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शुभारम्भ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि राज्य और देश का नाम रोशन करने का मार्ग भी बनते हैं। जिलाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों से खेलभावना, अनुशासन, और टीमवर्क के साथ प्रतिभाग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज युवाओं के लिए खेलों में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं और खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियाँ केवल शारीरिक विकास ही नहीं करतीं, बल्कि मन-मस्तिष्क को भी स्वस्थ बनाए रखती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने और टीम को जीत दिलाने का संदेश देते हुए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर महासचिव ओलम्पिक एसोसिएशन डॉ. डी.के. सिंह तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और खेल भावना बनाए रखने की अपील की। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि महिला वॉलीबाल चैम्पियनशिप 11 व 12 दिसंबर तथा पुरुष वॉलीबाल चैम्पियनशिप 13 व 14 दिसंबर को आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि महिला चैम्पियनशिप में राज्य की 10 टीमें—अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उधमसिंह नगर, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार और देहरादून—के लगभग 130 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में महासचिव उत्तराखण्ड साइकिलिंग एसोसिएशन दिवेश पांड, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत, कोच, रेफरी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
