रुद्रपुर में ट्रक और गोदाम से एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबों का जखीरा बरामद, पुलिस जांच जारी

रुद्रपुर में ट्रक और गोदाम से एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबों का जखीरा बरामद, पुलिस जांच जारी
Spread the love

रुद्रपुर। रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक और एक गोदाम से एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबों की भारी खेप बरामद की है। प्रारंभिक जांच में किताबें नकली प्रतीत होने पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात करीब 10:15 बजे कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबें लोड कर किरतपुर रोड स्थित आनंदम गार्डन के पास से ले जाई जा रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर संख्या यूपी37बीटी-0562 को रोककर जांच की।
वाहन की तलाशी के दौरान ट्रक में एनसीईआरटी की बड़ी संख्या में किताबें लोड मिलीं। चालक से पूछताछ में उसने बताया कि किताबें किरतपुर स्थित एक गोदाम से लोड कर मेरठ ले जाई जा रही हैं। चालक द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच करने पर इनवॉइस में भी भिन्नता पाई गई, जिससे संदेह और गहरा गया।

मामले की सूचना मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधमसिंहनगर और खंड शिक्षा अधिकारी रुद्रपुर को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किताबों की जांच की, जिसमें लोगो, बनावट और वाटरमार्क के आधार पर किताबें प्रथम दृष्टया संदिग्ध अथवा नकली प्रतीत हुईं।

चालक की निशानदेही पर पुलिस टीम किरतपुर स्थित गोदाम पहुंची, जहां ताला लगा मिला। गोदाम स्वामी के संबंध में तत्काल जानकारी न मिलने पर वाहन और गोदाम की सुरक्षा के लिए रात में पुलिस बल तैनात किया गया।
अगले दिन 15 मार्च 2026 को तहसीलदार रुद्रपुर, मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में गोदाम का ताला खुलवाया गया। अंदर एनसीईआरटी की भारी मात्रा में किताबें रखी पाई गईं।

पुलिस जांच में गोदाम राजेश कुमार जैन का बताया गया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गोदाम मेरठ निवासी संदीप पुत्र रामभूर को किराए पर दिया गया है। बरामद किताबें प्रथम दृष्टया नकली प्रतीत होने पर मामले की सूचना एनसीईआरटी को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles