पिथौरागढ़ में गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती, बिना ऑनलाइन बुकिंग सिलेंडर देने पर रोक

पिथौरागढ़ में गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती, बिना ऑनलाइन बुकिंग सिलेंडर देने पर रोक
Spread the love

पिथौरागढ़ में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में आपूर्ति विभाग, गैस एजेंसी प्रबंधकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना ऑनलाइन बुकिंग/डीएसी नंबर के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर का वितरण नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को न्यूनतम परेशानी के साथ समय पर गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सिलेंडर वितरण के साथ ही डीएसी का तत्काल ऑनलाइन सत्यापन कर सिस्टम में फीड किया जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने वैकल्पिक ईंधन के रूप में वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पिरूल ब्रिकेट्स स्टोव को उपयोगी बताते हुए इसके प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने भी इसे एक बेहतर विकल्प मानते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त रुख अपनाते हुए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे, जबकि अन्य उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

देवभूमि खबर

Related articles