नए शिक्षा सत्र के पहले दिन ही छात्रों को मिली मुफ्त किताबें, 7 अप्रैल को प्रदेशभर में होगा प्रवेशोत्सव

नए शिक्षा सत्र के पहले दिन ही छात्रों को मिली मुफ्त किताबें, 7 अप्रैल को प्रदेशभर में होगा प्रवेशोत्सव
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही सरकारी एवं अशासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। पहले ही दिन प्रदेशभर में 3,59,300 पुस्तकों का वितरण किया गया, जो अब तक का पहला अवसर है जब सत्र शुरू होते ही विद्यार्थियों को समय पर किताबें उपलब्ध कराई गईं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज, किशनपुर (देहरादून) में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी छात्र किताबों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसी सप्ताह सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विकासखंड स्तर पर आयोजित वितरण कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियो महानिदेशालय को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर पुस्तकों की उपलब्धता की निगरानी की जा सके। उन्होंने इसे सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम के बाद आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में मंत्री ने छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए 7 अप्रैल को सभी विद्यालयों में वृहद स्तर पर प्रवेशोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित करेंगे।

इसके अतिरिक्त 14 अप्रैल को भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर विद्यालयों में संविधान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं—फर्नीचर, शौचालय, बिजली एवं पेयजल—की स्थिति की रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही रिक्त पदों की जानकारी, पुस्तक बजट की समीक्षा, व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के संचालन, दीर्घकालीन अनुपस्थित कार्मिकों की सूची, निजी विद्यालयों की शुल्क वृद्धि पर नियंत्रण तथा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कुल 7,99,991 पुस्तकों के लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन 3,59,300 पुस्तकों का वितरण किया गया। समय पर किताबें मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया है और उनकी पढ़ाई में भी सुगमता आएगी।

देवभूमि खबर

Related articles