युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास
11 रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। फ्लेक्सी विवाद में एक युवक ने घर में ही पंखे से लटककर अपनी जान देने की कोशिश की। परिजनों के शोर शराबे पर युवक को उतारकर शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल ट्रामा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल में परिजनों का जमघट लगा रहा।
बता दें कि शहर के वार्ड संख्या छह स्थित भूत बंगला निवासी उस्मान (35) पुत्र जमील का कुछ दिन पूर्व घर पर फ्लेक्सी लगाने को लेकर एक भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता से विवाद हो गया था। आरोप था कि उस्मान के घर पर उसकी बिना मर्जी के फ्लेक्सी लगा दी गई थी। जिसको बाद में उस्मान ने बाद में हटा दिया। इसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। बताया गया कि इसी से क्षुब्ध होकर उस्मान ने घर पहुंचकर आज गुरूवार की सुबह करीब नौ बजे गरम शाल का फंदा बनाकर पंखे के कुंडे से लटक गया। पंखे में लटकते ही वहां पहुंचे परिजन आवाक रह गए। एकाएक परिजनों में चीख पुकार मच गई। उस्मान को फांसी के फंदे से आनन फानन में उतारा गया। उस्मान को बेहोशी की हालत में शहर के नारायन ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उसका आईसीयू में सघन उपचार जारी है। इधर, उस्मान के भाई फैजान ने फ्लेक्सी विवाद पर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामूली घरेलू विवाद के चलते उनके भाई ने यह कदम उठा लिया। उन्होंने अपने भाई के शीघ्र स्वास्थ्य होने की बात भी कही। उन्होंने यह भी बताया कि वे घर से दूर रहते हैं। वे सूचना पर यहां पहुंचे हैं। बहरहाल समाचार लिखे जाने तक अस्पताल में उस्मान के परिजन एवं अन्य शुभचिंतकों का खासा जमावड़ा लगा रहा। इधर, अस्पताल प्रशासन ने भी कोतवाली पुलिस को घटना बावत मैमो भेज दिया है।
फांसी लगाने वाले युवक उस्मान की कवरेज में गए मीडिया कर्मियों से उनके परिजन एवं सगे संबंधी उलझ गए और कवरेज करने में बाधक बनने लगे। इस बीच कुछ मीडिया कर्मियों से आईसीयू में भी अभद्रता की गई। पत्रकारों के साथ धक्का मुक्की भी की जाने लगी। हालांकि बाद में बीच बचाव कर मामले को निपटा दिया गया।
