सांसद आदर्श ग्राम सूपी का चहॅुमुखी विकास प्राथमिकता से करें: टम्टा
बागेश्वर ।देवभूमि खबर। सांसद आदर्श ग्राम सूपी का चहॅुमुखी विकास प्राथमिकता से करें, गांव को आदर्श गांव के तौर पर विकसित करें, तथा सांसद आदर्श गांव के विकास कार्य को पायलट प्रोजेक्ट के अनुसार पूर्ण करना सुनिश्चित करें। यह बात माननीय केन्द्रीय राज्य मंत्री, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार अजय टम्टा ने सांसद आदर्श ग्राम सूपी का दौरा कर संचालित योजनाओं का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय तरसाल पतियासार में चौपाल लगाकर स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कही। केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री ने सांसद आदर्श ग्राम सूपी में विभिन्न विभागों की स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयावधि में स्वीकृत योजनाओं का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक में पीएमजीएसवाई के कुमाऊं चीफ के उपस्थित न रहने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। किसानों की आय दुगुना करने के लिए उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग को प्रोजेक्ट तैयार कर आलू, मडूवा, चौलाई राजमा आदि सम्भावित फसलों के उत्पादन हेतु ग्रामीणों को प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने उद्यान विभाग को झूसिया मिर्च की नर्सरी तैयार करने को कहा। मोटर मार्ग निर्माण की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई को कड़े निर्देश देते हुए ध्वस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत तथा जगह-जगह आये मलवे को हटाने तथा डैंजर जोनों के मरम्मत करने के निर्देश दिये। कहा कि समय से मोटर मार्ग के निर्माण कार्य पूरा न करने पर सम्बन्धित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। ग्रामवासियों का कहना था कि मोटर मार्ग के निर्माण से उनकी कृषि भूमि का मुआवजा अभी तक नही मिला है इस सम्बन्ध में मंत्री ने पीएमजीएसवाई के अधिकारी को किसानों के मुआवजे के भुगतान के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को राजकीय इण्टर कालेज सूपी में एन.सी.सी. यूनिट संचालित करने हेतु निदेशालय को पत्र जारी करने के निर्देश दिये। तरसाल पतियासार प्राईमरी विधालय के क्षतिग्रस्त दीवार मरम्मत हेतु मुख्य विकास अधिकारी को राज्य वित्त से धनावंटन के निर्देश दिये। उद्यान अधिकारी को आदर्श गॉव में नाशपाती उत्पादन हेतु मेहल के पेड़ों में नाशपाती की कटिंग के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गांव का भविष्य बदलने के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लायें। उन्होंने कृषि अधिकारी को मृदा परीक्षण हेतु किसानों को जागरूक करने के साथ ही गोबर गैस प्लांट, और मौन पालन की संभावनाओं को भी तलाशने के निर्देश दिये। ग्रामीणों ने उद्यान अधिकारी से सेब की पौध उपलब्ध कराने की मॉग की। उन्होंने ग्रामीणों से गॉव में स्वच्छता को बनाये रखने हेतु जैविक और अजैविक कूडे को अलगअलग रखने को कहा। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक कपकोट बलवन्त सिंह भैार्याल ने कहा कि आजीविका परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने पीएमजी एसवाई विभाग को सूपीलोहारखेत मोटर मार्ग के अवशेष कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए समय से कार्य पूर्ण न होने पर सम्बन्धित ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.एन.तिवारी ने सांसद आदर्श ग्राम हेतु स्वीकृत योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में विधायक कपकोट बलवन्त सिंह भौर्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढिया, जिला पंचायत सदस्य गोविन्द सिंह दानू, क्षेत्र पंचायत सदस्य चन्द्रा देवी, मुख्य विकास अधिकारी के.एन.तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरीश चन्द्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी कपकोट रवीन्द्र सिंह बिश्ट, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान नन्द किशोर, प्रभागीय वनाधिकारीध्उप परियोजना निदेशक ग्राम्या आर.के.सिंह, ग्राम प्रधान सूपी यशपाल सिंह टाकुली, मुख्य कृषि अधिकारी बी.पी.मौर्या, उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी जसवन्त सिंह कण्डारी, खण्ड विकास अधिकारी बी.सी.पन्त सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।
