जार्ज एवरेस्ट भूमि घोटाले के विरोध में टिहरी कांग्रेस ने किया राज्य सरकार का पुतला दहन, अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से जांच की मांग
टिहरी।मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट भूमि घोटाले को लेकर टिहरी कांग्रेस ने रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि मसूरी में जॉर्ज एवरेस्ट भूमि आवंटन उत्तराखंड के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर पर्यटन विभाग ने लगभग तीस हजार करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को मात्र एक करोड़ रुपये सालाना किराए पर आचार्य बालकृष्ण की शेयर होल्डर कंपनी को 21 जुलाई 2023 को सौंप दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घोटाले को सबसे पहले पूर्व विधायक मनोज रावत ने प्रेस वार्ता के माध्यम से उठाया था, उसके बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इसे विधानसभा में उठाया। हाल ही में एक अखबार ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है।
कांग्रेस ने कहा कि इस भूमि के डेवलपमेंट के लिए सरकार ने 23.5 करोड़ रुपये एशियन डेवलपमेंट बैंक से लोन लिया, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। टेंडर प्रक्रिया में केवल तीन कंपनियां शामिल हुईं—Rajas Aero Sports and Adventure Pvt. Ltd, Bharuwa Agri Science Pvt. Ltd और Prakrti Organics India Ltd। तीनों ही कंपनियों में आचार्य बालकृष्ण की बड़ी हिस्सेदारी थी। आरोप है कि पहली कंपनी में शुरुआत में 25.01% हिस्सेदारी थी, जो टेंडर मिलने के बाद बढ़कर 69.43% हो गई। दूसरी कंपनी में 98.11% और तीसरी कंपनी में 99.96% हिस्सेदारी पहले से ही बालकृष्ण की थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से प्रतिस्पर्धा के बिना किया गया सौदा था और पूरी तरह से सेटिंग का मामला है।
कांग्रेस का कहना है कि जॉर्ज एवरेस्ट की 142 एकड़ भूमि (लगभग 2840 नाली) का सर्किल रेट 2757 करोड़ रुपये है, जो कुल मिलाकर लगभग तीस हजार करोड़ रुपये की संपत्ति होती है। ऐसे में यह अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भूमि को संवारने के नाम पर 23 करोड़ रुपये का लोन लेकर लगाया गया, जिससे जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश राणा के साथ महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा रावत, शगुफ्ता प्रवीन, अनिता रावत, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, प्रदेश सचिव सैयद अली, वरिष्ठ नेता मुरारी लाल खंडवाल, एडवोकेट जयवीर सिंह रावत, कुलदीप सिंह पवार, आनंद सिंह बेलवाल, सोहन सिंह रावत, नवीन सेमवाल, शोबन सिंह कुमाई, विमल सेमवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
