टिहरी में नई SSP श्वेता चौबे की प्राथमिकताएं तय, चारधाम यात्रा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर फोकस

टिहरी में नई SSP श्वेता चौबे की प्राथमिकताएं तय, चारधाम यात्रा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर फोकस
Spread the love

टिहरी । नवागन्तुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्रीमती श्वेता चौबे ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय में पत्रकारों के साथ शिष्टाचार भेंट एवं प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पुलिसिंग को जनोन्मुखी बनाने और आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।

SSP ने बताया कि आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना प्रमुख लक्ष्य रहेगा। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, रूट डायवर्जन प्लान और रियल-टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग लागू की जाएगी। मुनिकीरेती सहित जाम प्रभावित क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक सुधार योजना भी लागू की जाएगी।

उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नए पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण की बात कही। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क को और मजबूत किया जाएगा तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, चौपालों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी देने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की रणनीति पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नशा उन्मूलन अभियान के तहत हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए SDRF के साथ बेहतर समन्वय और पुलिस बल को नियमित प्रशिक्षण देने की भी योजना है।

SSP श्वेता चौबे ने मीडिया को पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई और कहा कि बेहतर समन्वय से जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।

देवभूमि खबर

Related articles