13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चमोली पुलिस अधीक्षक ने दिए कड़ी सजा दिलाने के निर्देश

13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चमोली पुलिस अधीक्षक ने दिए कड़ी सजा दिलाने के निर्देश
Spread the love

चमोली। कोतवाली ज्योतिर्मठ पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक चमोली ने इस गंभीर अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए न्यायालय में ठोस पैरवी कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

दिनांक 25.02.2025 को कोतवाली ज्योतिर्मठ में एक नेपाली मूल की महिला ने तहरीर दी कि जयगणेश रावल पुत्र जस बहादुर, निवासी ग्राम भामबाडा, नगर पालिका क्षेत्र छायानाथ राडा, जिला मुगू, आंचल करनाली, नेपाल, हाल निवासी कोतवाली ज्योतिर्मठ, उम्र 33 वर्ष मई 2024 से उसकी 13 वर्षीय बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म कर रहा है और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

महिला की तहरीर पर कोतवाली ज्योतिर्मठ में तत्काल मु0अ0सं0-08/25, धारा-376, 506 आईपीसी व 5/6 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक मीता गुसाईं को सौंपी गई।

पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार ने इस जघन्य अपराध को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की।

दिनांक 26.02.2025 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जयगणेश रावल कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी किनारे श्मशान घाट के पास बने रैन बसेरे में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार ने कोतवाली ज्योतिर्मठ पुलिस को आरोपी के विरुद्ध ठोस साक्ष्य जुटाकर समय से आरोप पत्र दाखिल करने और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए हैं, ताकि आरोपी को कठोर सजा दिलाई जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles