नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी व छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पौड़ी पुलिस ने महिला से धोखाधड़ी और छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने नौकरी दिलाने के बहाने महिला से लाखों रुपये और जेवर हड़प लिए थे। महिला संबंधी अपराधों के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता एक बार फिर इस कार्रवाई में साफ दिखी।
दिनांक 16.07.2025 को कोटद्वार निवासी महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि नवल किशोर निवासी झंडीचौड़ ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे ₹2 लाख और शादी की दो अंगूठियां ले लीं, साथ ही मारपीट व छेड़छाड़ भी की। इस पर मुकदमा अपराध संख्या-183/2025, धारा-115(2), 308(6), 316(2), 318(4), 351(2), 74 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत हुआ।
मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार के नेतृत्व में की गई। पुलिस की विवेचना में आरोपी की संलिप्तता सिद्ध होने पर 16.08.2025 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस के 03 अन्य प्रकरण पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन हैं।

