नकल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

नकल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुछ लोग परीक्षा प्रणाली को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन नकल माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड का आने वाला समय विकास और स्थिरता के नाम रहेगा।

सोमवार को स्थानीय होटल में साप्ताहिक समाचार पत्र अड्डा इनसाइडर के विमोचन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को जब उन्होंने “मुख्य सेवक” के रूप में कार्यभार संभाला था, तब विभिन्न विभागों में 22 हजार पद रिक्त थे। सरकार के प्रयासों से अब तक 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है और किसी भी परीक्षा में नकल का मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कारण कुछ नकल माफिया और कोचिंग माफिया सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। रविवार को भी ऐसा प्रयास किया गया, हालांकि यह पेपर लीक जैसा मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस षड्यंत्र का शीघ्र खुलासा होगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने राजनीतिक स्थिरता और विकास को चुना है। राज्य का आने वाला समय विकास और स्थिरता के नाम रहेगा।

आपदा से संबंधित प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पूरा हिमालयी क्षेत्र आपदा की जद में आया है। उनकी कोशिश रहती है कि वे प्रभावितों के बीच जाकर दुख-दर्द साझा करें और तत्काल राहत व बचाव अभियान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि सरकार राज्य के वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से आपदाओं के कारणों का पता लगाने, पूर्व सूचना जुटाने और नुकसान को न्यूनतम करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, प्रो. सुरेखा डंगवाल, प्रो. दुर्गेश पंत, वरिष्ठ पत्रकार पवन लालचंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles