राज्यपाल ने किया वसंतोत्सव-2025 पर आधारित दो कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन

राज्यपाल ने किया वसंतोत्सव-2025 पर आधारित दो कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन
Spread the love

देहरादून।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजभवन में वसंतोत्सव-2025 पर आधारित दो भव्य कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन किया। इनमें पहली पुस्तक “फ्लावर ऑफ इकोनॉमिक ब्लूम: वसंतोत्सव-2025” दून विश्वविद्यालय द्वारा तथा दूसरी “स्प्रिंग फेस्टिवल-2025” उद्यान विभाग द्वारा तैयार की गई है। इन पुस्तकों में वसंतोत्सव-2025 की सुंदर झलक फोटोग्राफ्स और जानकारी के साथ प्रस्तुत की गई है।

राज्यपाल ने इस अवसर पर दोनों पुस्तकों में योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कार्मिकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि ये पुस्तकें न केवल राजभवन में आयोजित वसंतोत्सव की जीवंत प्रस्तुति हैं, बल्कि इनमें छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता, शोध और सांस्कृतिक दृष्टिकोण भी परिलक्षित होता है।

राज्यपाल ने कहा कि उद्यान विभाग का कार्य वसंतोत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि वह उत्तराखण्ड में फूलों की खेती, फलोत्पादन, सुगंधित पौधों, जैविक कृषि, मधुमक्खी पालन और पर्वतीय उद्यानिकी को बढ़ावा देकर सतत विकास की दिशा में कार्य कर रहा है। यह पुस्तक इन प्रयासों को आमजन तक पहुंचाने का एक प्रभावशाली माध्यम बनेगी।

राज्यपाल ने विशेष रूप से दून विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग के छात्रों की सराहना की, जिन्होंने फूलों की खेती को संभावनाशील उद्योग के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक शोध और संवाद का माध्यम बनकर स्थायी आजीविका के नए द्वार खोल सकती है।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि ये कॉफी टेबल बुक्स आने वाली पीढ़ियों के लिए केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत होंगी, जो यह दिखाती हैं कि किस प्रकार कला, तकनीक, प्रकृति और शोध को एक साथ जोड़ा जा सकता है।

इस अवसर पर सचिव एस.एन. पांडेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, संयुक्त निदेशक उद्यान डॉ. रतन कुमार, प्रो. राजेश कुमार, प्रो. हर्ष डोभाल, अरुण पाण्डेय, दीपक पुरोहित सहित उद्यान विभाग व दून विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles