नैनीताल में जल भराव की स्थिति का नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, जल्द सुधार के निर्देश

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल ।सरोवर नगरी नैनीताल में मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। नालियों के बंद होने से बरसाती पानी सड़कों पर बहने लगा, जिसे देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा व अन्य कर्मचारियों ने नगर में निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. खेतवाल ने बताया कि नगर में अधिकांश नालों की नियमित सफाई की जा रही है, परंतु कुछ स्थानों पर दुकानदारों द्वारा लकड़ी या अन्य सामग्री से नालियों को ढक देने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। ऐसे स्थानों की जल्द सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
तल्लीताल बाजार में जल भराव की समस्या निर्माणाधीन कार्यों में उचित ढाल न दिए जाने और सड़क के स्तर में परिवर्तन के कारण हो रही है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की बनती है। पालिका की पूर्व निर्मित ड्रेनेज लाइन कार्यशील स्थिति में है और उसकी समय-समय पर सफाई कराई जा रही है।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि मॉल रोड क्षेत्र में हर बुधवार को विशेष नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही नगर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए हर वार्ड में स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।
नगरवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा केवल कूड़ेदान में ही डालें। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के कई कर्मचारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

