हरियाणा पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाला वांछित घेराबंदी में फंसे अपराधी ने अपनी ही रिवॉल्वर से की आत्महत्या

हरियाणा पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाला वांछित घेराबंदी में फंसे अपराधी ने अपनी ही रिवॉल्वर से की आत्महत्या
Spread the love

देहरादून।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बताया कि हरियाणा से धोखाधड़ी एवं अन्य मामलों में वांछित चल रहा अपराधी सुनील कपूर, जो जिंद का रहने वाला था, बीते 13 सितम्बर को हरिद्वार बस स्टैंड के पास गिरफ्तारी के दौरान हरियाणा पुलिस के उप निरीक्षक सुरेन्द्र पर गोली चला कर फरार हो गया था। इस घटना में उप निरीक्षक के पेट और हाथ में दो गोलियां लगीं, जिनका उपचार वर्तमान में एम्स अस्पताल में चल रहा है। हमले के बाद हरिद्वार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

पुलिस की खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि सुनील कपूर देहरादून में अपने रिश्तेदार के घर लक्ष्मण चौक में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर हरिद्वार और जिंद पुलिस ने देहरादून पुलिस से समन्वय कर संयुक्त रूप से दबिश दी। घेराबंदी के दौरान आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक सुनील कपूर, उम्र 36 वर्ष, निवासी मौहल्ला बाजरान, आसरीगेट, जिंद हरियाणा, एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर हरियाणा और उत्तराखंड में कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन जिंद हरियाणा और थाना कोतवाली नगर हरिद्वार में धोखाधड़ी, धमकी, आईटी एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज थे।

देवभूमि खबर

Related articles