होली के दौरान सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, चमोली पुलिस ने शातिर आरोपी को माल समेत दबोचा
चमोली। होली के त्योहार के दौरान सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों के जेवरात और अन्य सामान चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का माल तथा चोरी की रकम से खरीदी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घटना 1 से 4 मार्च 2026 के बीच की है, जब ग्राम सिदोली निवासी अर्जुन सिंह के गौचर स्थित किराये के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने सोने-चांदी के आभूषण, एक Redmi मोबाइल फोन और BOAT स्मार्ट वॉच चोरी कर ली थी। इस संबंध में कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 10/2026, धारा 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राकेश चन्द्र भट्ट एवं चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और सर्विलांस के माध्यम से संदिग्ध की पहचान की।
1 अप्रैल 2026 को गौचर बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान आरोपी रोहित कुमार उर्फ शुभम (24 वर्ष), निवासी कुमजुग, थाना नन्दानगर, जनपद चमोली को चोरी किए गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 331(4) व 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह होली से पूर्व नशे की हालत में घूमते हुए एक मकान पर ताला लटका देख अंदर घुस गया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चोरी के कुछ आभूषण हरिद्वार में करीब ₹60 हजार में बेच दिए थे और उसी रकम से मोटरसाइकिल खरीदी थी। शेष आभूषणों को बेचने के लिए वह देहरादून जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का मांगटीका, नथ, कुण्डल, मटरमाला, चैन, चांदी की पायल, Redmi मोबाइल, BOAT घड़ी तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक चमोली ने टीम को प्रोत्साहन स्वरूप ₹2,500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

