अल्पसंख्यक के आर्थिक उन्नयन के लिए स्वरोजगार योजनाओं स्वावलम्बी बनाना होगा: थामस
अल्मोड़ा ।देवभूमि खबर। अल्पसंख्यक वर्ग के परिवारो के आर्थिक उन्नयन हेतु स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से उन्हें स्वावलम्बी बनाना होगा यह बात सदस्य उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग थामस पी0वी0 ने आज विकास भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक में कही। उन्होंने कहा कि आयोग का उददेश्य अल्पसंख्यक वर्ग के लोगो को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल व्यवसायों में दक्षता सहित शिक्षित बेरोजगारो को अनेक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करना है जिसके अन्तर्गत मुस्लिम, सिख, इसाई, बौद्ध, पारसी एवं जैन समुदाय शामिल है। आयोग का इन वर्गों को जीवन प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत ऋण एवं अनुदान प्रदान किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो इसका विशेष ध्यान रखें। मा0 सदस्य ने कहा कि अल्पसंख्यक स्वरोजगार के माध्यम से लाभार्थियों को ऋण प्रदान करने के लिए बैंक अधिकारियों को रूचि लेनी होगी जिसके अन्तर्गत बेरोजगार लाभार्थियों को 20 हजार रू0 से 10 लाख रू0 तक के ऋण स्वरोजगार प्रारम्भ करने के लिए बैंकों के माध्यम से दिये जाने का प्राविधान है। उन्होंने कहा गरीबी रेखा से नीचे के समुदायो को शिक्षा ऋण योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को आच्छादित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में शैक्षिक स्तर को बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थाओं में कम्प्यूटर क्रय करने, फर्नीचर, विद्यालयों के कक्षा कक्षों के निर्माण सहित अन्य अवस्थापना मदों के लिए बजट स्वीकृत किया गया हैं जिसका लाभ इन संस्थाओं को मिल रहा हैं। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य ने कहा कि प्रत्येक जनपद में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रछात्राओं को कम्प्यूटर प्रशिक्षण समाज कल्याण विभाग द्वारा निःशुल्क प्रदान किया जाता है। सरकारी, अर्द्धसरकारी संस्थाओं में अल्पसंख्यक के लोगों को शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ मिले इसका आयोग विशेष ध्यान रखेगा। इस बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन सिंह कफोला ने अल्पसंख्यक कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया और कहा कि जो भी निर्देश दिये गये है उनका पालन सुनिश्चित किया जायेगा। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह, लीड बैंक अधिकारी जगदीश कुमार, युवा कल्याण अधिकारी वाई0एस0 रावत, अपर संाख्यकी अधिकारी सुनीता मल्होत्रा, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी मदन लाल, अनुराग साह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
